शादी में मटन के लिए वेटर की हत्या : बारातियों पर लगा हत्या का आरोप

शादी में मटन के लिए वेटर की हत्या : बारातियों पर लगा हत्या का आरोप

DESK : शादी समारोह में खाने में मटन परोस रहे एक वेटर की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। वेटर की लाश कुएं से मिलने के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बारातियों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस घटना के विरोध में परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया और प्रदर्शन भी किया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। 


वही, इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वर और वधूपक्ष के साथ-साथ दुल्हा और दुल्हन को भी थाने बुलाया गया। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं शादी का वीडियो बनाने वाले कैमरामैन से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। शादी में बनाये गये वीडियो को पुलिस खंगालने में जुटी है। 


क्या है पूरा मामला?

घटना झारखंड के रामगढ़ जिला के गोला थानाक्षेत्र की है। जहां कोईरी टोला गांव से बारात आई हुई थी। शादी समारोह में खाने का अच्छा प्रबंध किया गया था। खाने में मटन की भी व्यवस्था लड़की वालों ने कर रखी थी। मटन देखते ही बाराती उस पर टूट पड़े। बारातियों को खाना परोस रहा वेटर भी ऐसी हरकत देख परेशान हो गया। मटन परोस रहे वेटर से बारातियों में शामिल कुछ लोगों की बहस हो गयी। फिर बात इतनी बढ़ गयी कि लोग वेटर के साथ मारपीट करने लगे। कुर्सी और टेबल तक फेंकने लगे। 


इस दौरान अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। बारातियों से अपनी जान बचाने के लिए वेटर भागने लगा और पास के एक कुएं में जा गिरा। कुएं में गिरने के बाद वेटर की मौके पर ही मौत हो गयी। जब इस घटना की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो वे भागते-भागते मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। जिसके बाद आक्रोशित परिजन हंगामा और प्रदर्शन करने लगे और बारातियों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।