1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 10, 2026, 5:05:39 PM
- फ़ोटो Google
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा और तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग देश में बाबरी ढांचे के दोबारा बनने का सपना देख रहे हैं, उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। सीएम ने कहा कि कयामत का दिन कभी आने वाला नहीं है, इसलिए ऐसे सपने देखने वाले लोग यूं ही सड़-गल जाएंगे।
सीएम योगी ने कहा, “भारत में कायदे से रहोगे तो फायदे में रहोगे। देश के कानून को मानोगे तो सुरक्षित रहोगे, लेकिन कानून तोड़ने वालों को जहन्नुम ही मिलेगा।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जो कहती है, वही करके दिखाती है। “हमने कहा था रामलला आएंगे और मंदिर वहीं बनाएंगे, और आज वह सबके सामने है। इसमें कोई संदेह है क्या?”
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद राम मंदिर निर्माण के रूप में एक गौरवशाली क्षण आया है। उन्होंने कहा कि इस लंबे समय में कई राजा-महाराजा और सरकारें आईं, लेकिन किसी ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए गंभीर प्रयास नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग केवल संकट के समय भगवान राम को याद करते हैं और बाद में भूल जाते हैं, भगवान राम भी अब उन्हें भूल चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म, भारत की गौरवशाली परंपरा और विरासत का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि 25 नवंबर को अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर पर केसरिया ध्वज का आरोहण सनातन संस्कृति का प्रतीक है और यह ध्वज भारत के गौरव को आगे बढ़ाता रहेगा।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद खराब थी। हर चौथे दिन कर्फ्यू लगाना पड़ता था, पर्व-त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे और अराजकता चरम पर थी। आज प्रदेश से अराजकता समाप्त हो चुकी है, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिजली पहुंच चुकी है और भ्रष्टाचार में जाने वाला पैसा अब विकास कार्यों में खर्च हो रहा है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार आक्रामक बयान दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सीतापुर में लोगों से जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील की थी और कहा था कि अगर लोग बंटेंगे तो कटने के रास्ते अपने आप खुल जाएंगे।