1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Tue, 10 Feb 2026 04:14:03 PM IST
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
UTS on Mobile shutdown: अगर आप रोजाना लोकल ट्रेन या अनरिजर्व्ड टिकट के लिए UTS on Mobile ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को सूचित किया है कि UTS on Mobile ऐप 1 मार्च 2026 से पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस तारीख के बाद न तो टिकट कटेगा और न ही कोई अन्य सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते RailOne ऐप पर शिफ्ट हो जाएं, ताकि उनकी रोजमर्रा की यात्रा में कोई परेशानी न आए। RailOne ऐप एक नया ऑल-इन-वन प्लेटफ़ॉर्म है, जिसमें टिकट बुकिंग से लेकर यात्रा से जुड़ी कई सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
आज के समय में लाखों यात्री मोबाइल से रोजाना टिकट बुक करते हैं। ऐसे में UTS ऐप का बंद होना एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। रेलवे का कहना है कि RailOne ऐप यात्रियों को पहले से ज्यादा आसान, तेज और भरोसेमंद अनुभव देगा। अगर आपने अभी तक RailOne ऐप डाउनलोड नहीं किया है, तो आगे चलकर टिकट लेने में दिक्कत हो सकती है।
भारतीय रेलवे लगातार अपनी डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने पर काम कर रहा है। UTS on Mobile ऐप पिछले कई सालों से अनरिजर्व्ड टिकट के लिए इस्तेमाल हो रहा था, लेकिन अब रेलवे ने निर्णय लिया है कि अलग-अलग ऐप की जगह एक ही ऑल-इन-वन ऐप दिया जाएगा।
RailOne ऐप के जरिए यात्री अनरिजर्व्ड टिकट बुक कर सकते हैं। रिजर्व्ड टिकट की जानकारी देख सकते हैं। अपनी यात्रा प्लान कर सकते हैं और ट्रेन से जुड़ी जरूरी सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। यानि अब टिकट बुकिंग के लिए अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं होगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि 1 मार्च 2026 से UTS on Mobile ऐप पूरी तरह बंद हो जाएगा। उसके बाद टिकट बुकिंग के लिए केवल RailOne ऐप का ही इस्तेमाल करना होगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि आखिरी समय का इंतजार न करें।