PUC Certificate New Rules 2026: वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने गाड़ियों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत BS6 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता अब गाड़ी की उम्र और उसके ट्रांसपोर्ट या नॉन-ट्रांसपोर्ट श्रेणी के आधार पर तय होगी। इससे कई वाहन मालिकों को बार-बार PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर 2026 को Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 की अधिसूचना जारी की है। इसके तहत PUC सर्टिफिकेट की वैधता में संशोधन किया गया है। नए नियम आधिकारिक राजपत्र (Official Gazette) में प्रकाशित होने की तारीख से लागू हो गए हैं।
नए नियमों के मुताबिक, 6 साल तक पुराने BS6 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों यानी निजी कार और अन्य निजी गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता 3 साल होगी। इससे वाहन मालिकों को हर छह महीने या सालभर में प्रदूषण प्रमाणपत्र रिन्यू कराने की परेशानी से राहत मिलेगी।
वहीं, 6 साल से अधिक और 10 साल तक पुराने BS6 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट हर साल रिन्यू कराना होगा। 10 साल से ज्यादा पुराने वाहनों के लिए हर 6 महीने में नया PUC सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा।
BS6 ट्रांसपोर्ट यानी कमर्शियल वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता अलग-अलग निर्धारित की गई है। 6 साल तक पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए PUC की वैधता 2 साल होगी। 6 साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों को हर साल PUC रिन्यू कराना होगा। 10 साल से ज्यादा पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए हर 6 महीने में नया PUC सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा।
सरकार ने BS1, BS2 और BS3 एमिशन नॉर्म्स वाले वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता 3 महीने निर्धारित की है। वहीं, BS4 वाहनों के लिए इसकी वैधता 6 महीने रहेगी। इन श्रेणियों के वाहनों को पहले की तरह निर्धारित समय पर प्रदूषण प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी वाहनों के पास राज्य सरकार की ओर से अधिकृत एजेंसी द्वारा जारी वैध PUC सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है।
नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC सर्टिफिकेट की मौजूदा वैधता में तत्काल बदलाव नहीं होगा। ऐसे प्रमाणपत्रों पर नए नियम पहली बार रिन्यूअल कराने के समय लागू होंगे। इसके अलावा, अगर कोई वाहन मालिक मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की समाप्ति से 10 दिन पहले की अवधि के भीतर रिन्यूअल के लिए आवेदन करता है, तो नए सर्टिफिकेट की वैधता पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी। वहीं, यदि PUC सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यू कराया जाता है, तो नए प्रमाणपत्र की वैधता रिन्यूअल की तारीख से शुरू होगी।
PUC सर्टिफिकेट की वैधता में किए गए इस बदलाव से खासकर नए BS6 निजी वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें हर छह महीने या सालभर में प्रदूषण जांच कराने और प्रमाणपत्र रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, वाहन की उम्र और श्रेणी के अनुसार निर्धारित समय पर PUC सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य रहेगा।





