कांग्रेस नेता के बेटे की गुंडागर्दी! प्रणाम नहीं किया तो युवक को बेरहमी से पीटा

कांग्रेस नेता के बेटे की गुंडागर्दी! प्रणाम नहीं किया तो युवक को बेरहमी से पीटा

DHANBAD: खबर झारखंड के धनबाद से आ रही है, जहां एक कांग्रेस नेता के बेटे पर गंभीर आरोप लगे हैं। कांग्रेस नेता के बेटे पर आरोप है कि उसने एक बिल्डर के बेटे को सिर्फ इसलिए पीटा क्योंकि वह उसे आते-जाते प्रणाम नहीं करता है। कांग्रेस नेता के बेटे ने बिल्डर के बेटे को इतना पीटा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसको लेकर सरायढेला थाने में कांग्रेस नेता के बेटे और उसके दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।


दरअसल, कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के बेटे रणवीर सिंह और उसके दोस्तों पर आरोप है कि उन्होंने बिल्डर विक्रम सिंह के बेटे आकाश सिंह को पहले तो अलवा किया और बात में उसकी जमकर पिटाई की है। बताया जा रहा है कि बिल्डर विक्रम सिंह का बेटा आकाश उर्फ कृष दिल्ली पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है। शुक्रवार को वह ट्यूशन पढ़ने के लिए कोयला नगर गया था। लौटने के दौरान वह एक शॉपिंग कॉम्‍प्लेक्स गया था।


इसी दौरान कांग्रेस नेता रणविजय सिंह का बेटा रणवीर अपने दोस्तों के साथ पहुंचा और आकाश की पिटाई करने लगा। इसके बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। लोगों की भीड़ को देख कांग्रेस नेता का बेटा आकाश को उठाकर दूसरी जगह ले गया और बुरी तरह से पीटने के बाद उसे छोड़ दिया। पीड़ित और उसके दोस्तों की मानें तो आकाश रणवीर को देखकर प्रणाम नहीं करता है इसलिए उसकी पिटाई की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के छानबीन में जुट गई है।