PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा तय हो गया है। प्रधानमंत्री 21 नवंबर को वैशाली आएंगे। इससे पहले 20 नवंबर को बिहार की NDA सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर NDA की बड़ी बैठक हुई।
बैठक में NDA के सभी घटक दलों के नेता मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन और तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर बैठक होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने और उसकी तैयारियों पर चर्चा हुई।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर गुरुवार को वैशाली जिले के राजापाकर विधानसभा क्षेत्र स्थित बहसी गांव के पास कार्यक्रम स्थल का हाईलेवल निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, मुख्यमंत्री के सचिव, तिरहुत रेंज के डीआईजी, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड निर्माण, मंच की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री के हाथों सिक्स लेन पुल के उद्घाटन का संभावित कार्यक्रम है।





