1st Bihar Published by: 7 Updated Aug 18, 2019, 10:12:17 PM
- फ़ोटो
DARBHANGA : बिहार में बढ़ते अपराध पर पुलिस नकेल कसने की पूरी कोशिश कर रही है. इसी कड़ी में दरभंगा पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने हथियार के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को मिली इस सफलता की जानकारी देते हुए सिटी एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक लूट की साजिश रच रहे चार अपराधियों को दबोचा गया है. उन्होंने बताया कि सिमरी थाना इलाके के बिठौली चौक के पास एक कार में बैठे चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए अपराधी एनएच 57 पर लोगों को अपना शिकार बनाते थे. सुरसंड थाना इलाके के बिरखा गांव के रहने वाले रामसनेही ठाकुर का बेटा अरविंद कुमार लोडेड हथियार के साथ पहले दबोचा गया. उसके पास से चार जिंदा कारतूस के साथ-साथ एटीएम, मोबाइल और कैश रुपये बरामद किये गए. कार की तलाशी लिए जाने पर पुलिस को ताला तोड़ने वाली मास्टर चाभी भी हाथ लगी. इस कार्रवाई में बिरखा गांव के ही रहने वाले मदन पांडे का बेटा रोशन कुमार, जामुन मिश्रा का बेटा रोहित कुमार और सुरसंड मैदान टोला के रहने वाले सपन मंडल के बेटे अजय मंडल को भी गिरफ्तार किया गया है. इस गैंग का मास्टरमाइंड अरविंद कुमार ठाकुर को बताया जा रहा है. अरविंद बीटेक इंजीनियर है. सिटी एसपी ने बताया कि इन लोगों के ऊपर सिमरी थाना में आर्म्स एक्ट और लूट कांड का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया. दरभंगा से प्रशांत कुमार की रिपोर्ट