मोदी सरकार का बड़ा तोहफा: 150 साल में पहली बार गिरिडीह से रांची के लिए खुली ट्रेन

मोदी सरकार का बड़ा तोहफा: 150 साल में पहली बार गिरिडीह से रांची के लिए खुली ट्रेन

GIRIDIH: केंद्र की मोदी सरकार ने गिरिडीह के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। 150 साल में पहली बार गिरिडीह से रांची के लिए ट्रेन शुरू किया गया है। इस ट्रेन को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और विधायक सुदिव्य कुमार, जमुआ विधायक केदार हाजरा, बरही विधायक अमित यादव और गांडेय विधायक सरफराज अहमद भी मौजूद थे।


गिरिडीह से रांची के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब गिरिडीह से रांची के लिए डायरेक्ट ट्रेन पहली बार शुरू की गयी है। इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। यह ट्रेन गिरिडीह, जमुआ, धनवार, महेशपुर, कोडरमा, हजारीबाग टाउन, बरकाकाना, मेसरा, टाटी सिल्वे होते हुए रांची तक का सफर तय करेगी। रेलवे के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि गिरिडीह से रांची तक सीधी ट्रेन शुरू की गयी। गिरिडीह और रांची के लोगों ने इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार को कोटि कोटि धन्यवाद दिया है। 


यह ट्रेन रांची सुबह 6 बजे खुलेगी और 6:23 बजे टाटी सिल्वे स्टेशन, 6:42 बजे मेसरा स्टेशन, 8:05 बजे बरकाकाना, 9:08 बजे हजारीबाग टाउन, 10:30 बजे कोडरमा, 11:20  बजे महेशपुर हॉल्ट, 11:40 में धनवार, 12:03 में जमुआ और दोपहर 1 बजे न्यू गिरिडीह स्टेशन पर पहुंचेगी। यही ट्रेन एक घंटे बाद गिरिडीह से रांची के लिए रवाना होगी। गिरिडीह से दोपहर 2:00 बजे रांची के लिए खुलेगी। गिरिडीह से दोपहर 2:30 बजे यह ट्रेन जमुआ पहुंचेगी, फिर 2 बजकर 58 मिनट पर धनवार, 3:28 बजे महेशपुर हॉल्ट, 4:30 बजे कोडरमा, 5:55 बजे हजारीबाग टाउन, शाम 7 बजे बरकाकाना, 8:35 बजे मेसरा, 9:05 बजे टाटी सिल्वे और रात्रि 9 बजकर 30 मिनट पर रांची पहुंचेगी।


बता दें कि गिरिडीह से रांची के लिए जो ट्रेन शुरू की गयी है वो विस्टाडोम कोच वाली होगी। विस्टा मतलब परिदृश्य और डोम मतलब गुंबद के आकार जैसा होता है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कोच को लगाया जाता है। ट्रेन में बैठकर लोग झारखंड की खूबसूरती को देख सकेंगे। लोग सफर का पूरा आंनद ले सकेंगे। झारखंड के पहाड़ों, जंगलों और मनोरम प्राकृतिक सौन्दर्य को साफ तौर से देख सकेंगे। 


इस ट्रेन में 13 कोच है और एक कोच में 42 से 44 यात्री बैठ पाएंगे। सभी सीट 180 डिग्री पर घूम सकती है। यात्री अपनी मर्जी के हिसाब से कुर्सी से घूमा सकेंगे और ट्रेन के बाहर के दृश्यों को देख सकेंगे। इस ट्रेन के शुरू होने से गिरिडीह के लोग काफी खूश हैं और इसके लिए मोदी सरकार को धन्यवाद दे रहे हैं।