कोल लिंकेज मामले में ED की रेड, रांची समेत तीन जिलों में छापेमारी से हड़कंप

कोल लिंकेज मामले में ED की रेड, रांची समेत तीन जिलों में छापेमारी से हड़कंप

RANCHI: बड़ी खबर झारखंड से निकलकर सामने आ रही है, जहां कोल लिंकेज मामले में ईडी की टीम ने झारखंड के तीन जिलों में एक साथ छापेमारी की है। राजधानी रांची समेत हजारीबाग और रामगढ़ में ईडी की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। ईडी द्वारा यह कार्रवाई निलंबित आईएएस पूजा सिंघल की काली कमाई के स्त्रोत को तलाशने के इरादे से की जा रही है।


राजधानी रांची समेत ED ने JSMDC के पूर्व प्रोजेक्ट मैनेजर अशोक कुमार सिंह के अलग-अलग ठिकानों पर रेड किया है। जानकारी के मुताबिक अशोक सिंह की नियुक्ति जेएसएमडीसी में कॉट्रेक्ट पर की गयी थी। बताया जा रहा है कि अशोक सिंह को निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल का संरक्षण प्राप्त था। आईएएस पूजा सिंघल पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरूपयोग करते हुए खूंटी मनरेगा घोटाला के जरिए करोड़ों की संपति अर्जित की और घोटाला के जरिये कमाए हुए पैसों को कई जगहों पर निवेश भी किया है।


हजारीबाग में चल रही ईडी की रेड में तीन करोड़ रुपए बरामद होने की खबर है। ईडी ने मो. इजहार अंसारी के यहां से भारी मात्रा में कैश बरामद किया है। कैश अधिक होने के कारण पैसे गिनने वाली मशीन को मंगाया गया है। बताया जा रहा है कि मो. इजहार अंसारी पूजा सिंघल का करीबी है।


दरअसल, बीते साल 6 मई को IAS पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के CA के पास से 17 करोड़ रुपए से अधिक कैश मिले थे लेकिन पैसे कहां से आए और उनका कहां इस्तेमाल किया जाना था इसकी जानकारी ईडी को नहीं मिल सकी थी। इसी की जानकारी के लिए ईडी छापेमारी कर रही है। इस मामले में ईडी सुबह से ही झारखंड के कई जिलों में छापेमारी कर रही है। ईडी ने अशोक कुमार के रांची और हजारीबाग सहित कुल 14 ठिकानों पर छापेमारी की है। साथ ही यह भी बताया जा रहा कि, ईडी यह कार्रवाई JSMDC से आवांटिक कोल लिंकेज से जुड़ा है। ईडी द्वारा कई कंपनियों के पते पर भी छापेमारी की गई है।