झारखंड : कांग्रेस के 4 नेता 6 साल के लिए पार्टी से हुए निलंबित, प्रदेश अध्यक्ष पर उठाया था सवाल

झारखंड : कांग्रेस के 4 नेता 6 साल के लिए पार्टी से हुए निलंबित, प्रदेश अध्यक्ष पर उठाया था सवाल

RANCHI : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के 4 बड़े नेताओं को आगामी 6 सालों तक के लिए निलंबित कर दिया है। इसमेंआलोक दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजेश गुप्ता छोटू और साधु शरण गोप का नाम शामिल हैं।  प्रदेश अनुशासन समिति की अनुशंसा पर विचार करने के बाद आदेश जारी कर इनलोगों को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। 


मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी से निलंबित इन चार नेताओं पर आरोप था कि, इन्होंने प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के गृह जिला बोकारो जाकर उनके खिलाफ प्रेस वार्ता की थी। इसके बाद इन चारों नेताओं को नोटिस जारी किया गया था। इनपर लगातार पार्टी विरोधी कार्यों में लिप्त रहने व प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ की जा रही बयानबाजी को देखते हुए अनुशासन समिति ने इन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निलंबित करने की अनुशंसा की थी। 


इससे पहले प्रदेश इन सभी नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। पार्टी विरोधी कार्यों में लिप्त रहने और प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी को देखते हुए पार्टी की अनुशासन समिति ने यह कार्रवाई की थी। इन सभी लोगों को शो-कॉज करते हुए 14 दिनों के अंदर पक्ष रखने को कहा गया था। 


आपको बताते चलें कि, नये प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण के साथ ही राजेश ठाकुर पर आरोप लगने का सिलसिला शुरू हो गया था। पार्टी के नेता अध्यक्ष के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष पर पूर्व प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह का आदमी होने का भी आरोप लगा, जो अभी भाजपा में हैं।