1st Bihar Published by: Updated Jun 22, 2021, 6:21:11 PM
- फ़ोटो
PATNA : बिहार पुलिस में आपराधिक मामलों की जांच की निगरानी को लेकर एक नई टीम का गठन होने जा रहा है. इन्वेस्टीगेशन मॉनिटरिंग सेल यानी कि आईएमसी के रूप में सीआईडी के नए सेल का गठन होने जा रहा है. यह 69 लोगों की एक बड़ी टीम होगी, जो आपराधिक मामलों के इंवेस्टीगेशन और अपराधियों को जल्द सजा दिलाने की निगरानी करेगी.
मंगलवार को बिहार के नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई. इस बैठक में कुल पांच एजेंडों पर मुहर लगी. मंत्रिपरिषद की बैठक में बिहार पुलिस में इन्वेस्टीगेशन मॉनिटरिंग सेल के गठन को लेकर स्वीकृति दी गई. राज्य मुख्यालय स्तर पर एक एसपी, सात डीएसपी, 13 इंस्पेक्टर, 8 एएसआई, और 11 सिपाही के पद सृजित करने की स्वीकृति दी गई. इनके अलावा 21 कम्प्यूटर ऑपरेटर और आठ चालक सिपाही का भी पद सृजित किया जायेगा.
बताया जा रहा है कि बिहार में आपराधिक मामलों की जांच को लेकर इस टीम का गठन किया जा रहा है, जो आपराधिक मामलों के इंवेस्टीगेशन और अपराधियों को जल्द सजा दिलाने की निगरानी करेगी. इसका नेतृत्व एसपी स्तर के अधिकारी करेंगे. मिली जानकारी के मुताबिक यह सेल जिलों में अपराध नियंत्रण के उपाय और पेंडिंग मामलों की जांच की गति की मॉनीटरिंग करेगा.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस टीम का मकसद जिला और थाना स्तर पुराने और लंबित मामलों का निबटारा तेज करना है. अपराध नियंत्रण के लिए यह जरूरी है कि पेंडिंग मामलों का जल्द अनुसंधान कर अपराधी को सजा दिलाई जाए ताकि अपराधियों के साथ समाज में भी एक संदेश जाए.