बांका में ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का आयोजन, 132 युवाओं ने लिया भाग

बांका के शहीद शशि प्रसाद सिंह महाविद्यालय में NSS द्वारा “विकसित भारत युवा संसद 2026” का आयोजन किया गया। 132 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से पांच का चयन किया गया। कार्यक्रम का विषय था “आपातकाल के 50 साल : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक”।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 27, 2026, 7:57:40 PM

बिहार न्यूज

विकसित भारत युवा संसद 2026 - फ़ोटो सोशल मीडिया

BANKA:बांका के शंभूगंज स्थित शहीद शशि प्रसाद सिंह महाविद्यालय में भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम “विकसित भारत युवा संसद 2026” का आयोजन किया गया। 


“आपातकाल के 50 साल : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर 26 एवं 27 फरवरी को यह कार्यक्रम आयोजित की गयी। प्रथम दिवस प्रातः 10:30 बजे अतिथियों का महाविद्यालय में आगमन हुआ। 11:00 बजे दीप प्रज्वलन, कुलगीत गायन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 


कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. दिवाकर पंजीकर, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सलील कुमार सिंह, डॉ. योगेश कुमार सिंह एवं प्रो. कृष्णदेव सिंह द्वारा अतिथियों को मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात एन.एस.एस. गीत, स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत सिंह, जिला युवा पदाधिकारी, बांका थे।


विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. देवेंद्र आलोक, सहकारिता पदाधिकारी, मुंगेर तथा प्रियतम कुमार, जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में डॉ. राहुल कुमार (समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना), डॉ. प्रज्ञा राय (सहायक प्राध्यापक, टी.एम.बी.यू., भागलपुर), डॉ. सलील कुमार सिंह (कार्यक्रम पदाधिकारी), प्रो. कृष्णदेव सिंह (सहायक प्राध्यापक) एवं सुभाष चौधरी (सहायक प्राध्यापक) उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. दिवाकर पंजीकर, डॉ. योगेश कुमार सिंह, महाविद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में बांका जिला से कुल 132 प्रतिभागियों ने भाग लिया। द्वितीय दिवस प्रातः 10:30 बजे कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें पाँच (05) सफल प्रतिभागियों का चयन किया गया, जो इस प्रकार हैं—

हिमांशु कुमार

सुमित कुमार

अनुभव कुमार

रिमिशा कुमारी

निखिल कुमार


इसके पश्चात प्रतिभागियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण प्राचार्य महोदय द्वारा किया गया। विकसित भारत युवा संसद 2026 के लिए चयनित प्रतिभागियों को जैकेट, पैड, कलम, फोल्डर, यात्रा भत्ता एवं नाश्ता-भोजन प्रदान किया गया। अपराह्न 3:00 बजे प्राचार्य प्रो. दिवाकर पंजीकर द्वारा शुभकामना संदेश एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के विधिवत समापन की घोषणा की गई।