SHEOHAR: शिवहर में मिड डे मील योजना में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल में बच्चों को अंडा देने के बजाय बिस्कुट खिलाए जाने की शिकायत मिली है। डीएम प्रतिभा रानी के औचक निरीक्षण के दौरान जब बच्चों से मिड डे मील को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पूरी पोल खोल दी। इसके बाद डीएम ने हाजिरी रजिस्टर, मिड डे मील स्टॉक रजिस्टर, कैश बुक समेत कई महत्वपूर्ण फाइलें जब्त कर लीं। अब पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
दरअसल, डीएम प्रतिभा रानी राजकीय मध्य विद्यालय कटसरी जागीर का औचक निरीक्षण करने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से स्कूल में मिलने वाले भोजन और अंडे के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें अंडा नहीं दिया जाता, बल्कि उसकी जगह बिस्कुट खिलाया जाता है।
बच्चों की बात सुनकर डीएम ने शिक्षकों से जवाब मांगा, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद जब संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई तो फाइलों में अंडे की खरीद का बिल दर्ज मिला। इस पर डीएम ने हाजिरी रजिस्टर, मिड डे मील स्टॉक रजिस्टर, कैश बुक और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति और साफ-सफाई की स्थिति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षकों को स्कूल की व्यवस्था दुरुस्त करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम प्रतिभा रानी ने बताया कि सभी संबंधित फाइलें जब्त कर ली गई हैं। इनकी गहनता से जांच की जाएगी और जांच में गड़बड़ी सामने आने पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट





