1st Bihar Published by: Updated Mar 10, 2022, 5:03:21 PM
- फ़ोटो
KATIHAR : इस वक्त की बड़ी खबर कटिहार से आ रही है, जहां भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि गाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए पूर्णिया भेज दिया गया है। हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र के गोंदवाड़ा में एनएच 31 पर हुआ है।
दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग पूर्णिया की तरफ जा रहे थे इसी दौरान ओवरटटेक करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं कार पर सवार सभी लोग कार में फंस गए। स्थानीय लोगों द्वारा काफी कोशिश करने के बावजूद कार का दरवाजा नहीं खुला। जिसके कारण कार सवार दो महिलाओं और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने JCB की मदद से कार में फंसे चालक को बाहर निकाला।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया। काफी मशक्कत के बाद तीनों मृतकों का शव कार से बाहर निकाला गया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।