1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 21, 2026, 6:36:37 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस को अपराध नियंत्रण के अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जैतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और लूट के कई सामान बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रिंस कुमार (सरैया थाना क्षेत्र), अमरजीत कुमार और अंकित कुमार (दोनों करजा थाना क्षेत्र निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और कई वारदातों में शामिल रहे हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने किया एक्शन
पुलिस को 20 मार्च 2026 की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि विशंभरपुर चौक के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही जैतपुर थाना की टीम सक्रिय हो गई और इलाके में घेराबंदी कर दी गई। जैसे ही मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया।
छापेमारी में मिला लूट का बड़ा जखीरा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब प्रिंस कुमार से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके किराए के मकान में छापेमारी की, जहां से लूट के सामानों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
बरामद सामानों में तुर्की थाना क्षेत्र से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, पारू थाना क्षेत्र से लूटे गए रेनकोट, करीब 180 एलईडी बल्ब, 180 स्क्रैच कूपन, बर्तन की रसीद, 17,400 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और दो ब्लैक नंबर प्लेट शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में सामान मिलने से साफ है कि गिरोह काफी संगठित तरीके से अपराध कर रहा था।
रेकी के लिए अपनाते थे अनोखा तरीका
पूछताछ में पुलिस को एक चौंकाने वाला खुलासा भी मिला है। यह गिरोह लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी करने के लिए एलईडी बल्ब और स्क्रैच कूपन बेचने का नाटक करता था। इस बहाने वे घर-घर जाकर लोगों की गतिविधियों, आर्थिक स्थिति और इलाके की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद मौका मिलते ही लूट, छिनतई या डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली और आसपास के इलाकों में भी सक्रिय था। इन अपराधियों ने कई लूट और छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस कुमार का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उस पर सरैया थाना में तीन मामले दर्ज हैं, जबकि अमरजीत कुमार के खिलाफ ब्रह्मपुरा थाना में एक केस दर्ज है। पुलिस का मानना है कि आगे पूछताछ में और भी कई मामलों का खुलासा हो सकता है।
फिलहाल जैतपुर थाना में कांड संख्या 46/26 दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए छापेमारी भी जारी है।