Bihar Vigilance News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (विजिलेंस) की कार्रवाई में सरकारी अधिकारियों के बैंक लॉकर से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी बरामद हुई है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने 27 नवंबर 2026 को दो अलग-अलग मामलों में न्यायालय से आदेश प्राप्त कर बैंक लॉकरों की तलाशी ली। इस दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता के लॉकर से एक किलो से अधिक सोने के आभूषण बरामद हुए। वहीं, तत्कालीन अंचलाधिकारी से जुड़े मामले में उनकी बेटी के बैंक लॉकर से भी सोने और चांदी के आभूषण मिले हैं।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने निगरानी थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक 06 नवंबर 2026 के मामले में कार्रवाई की। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत दर्ज है। इस मामले के प्राथमिक अभियुक्त रितेश चंद्र सिन्हा हैं, जो पथ निर्माण विभाग के पथ प्रमंडल, मधुबनी में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके पटना के राजाबाजार स्थित SBI बैंक शाखा के लॉकर संख्या 75H की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान लॉकर से 1,143 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिसकी अनुमानित मूल्य 1,26,28,886 रुपये है। वहीं 1,30,000 रुपये के हीरा एवं सोने के आभूषण और 72 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी अनुमानित मूल्य 11,000 रुपये हैं। निगरानी ब्यूरो की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उक्त अभियुक्त को दीपावली के दिन यानी 8 नवंबर 2026 को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।
निगरानी थाना कांड संख्या 40/25, दिनांक 13 जून 2025 के मामले में भी बैंक लॉकर की तलाशी ली गई। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज है। इस मामले के प्राथमिक अभियुक्त अंजय कुमार राय हैं, जो तत्कालीन अंचलाधिकारी, हाजीपुर सदर, जिला वैशाली के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता का नाम राम बाबू राय बताया गया है।
अभियुक्त की अविवाहित पुत्री ईशिका राय के पटना स्थित SBI, अलंकार पैलेस, बोरिंग रोड शाखा के लॉकर संख्या L-016 CAB-24 की तलाशी ली गई। इस दौरान निम्नलिखित आभूषण बरामद हुए:
सोने के आभूषण:
हार सेट: 1 पीस, वजन 59 ग्राम 200 मिलीग्राम।
चेन: 4 पीस, वजन 36 ग्राम 800 मिलीग्राम।
अंगूठी: 9 पीस, वजन 34 ग्राम 90 मिलीग्राम।
ब्रेसलेट: 1 पीस, वजन 6 ग्राम 300 मिलीग्राम।
टॉप एवं बाली: 14 पीस, वजन 29 ग्राम 100 मिलीग्राम।
लॉकेट: 3 पीस, वजन 9 ग्राम।
बाला: 2 पीस, वजन 31 ग्राम 600 मिलीग्राम।
इन सभी सोने के आभूषणों का कुल वजन 209 ग्राम 900 मिलीग्राम बताया गया है, जिसकी कीमत 16,55,200 रुपये आंकी गई है।
चांदी के आभूषण:
लक्ष्मी एवं गणेश जी की मूर्तियां: 3 पीस, वजन 210 ग्राम।
चांदी के सिक्के: 49 पीस, मूल्य 58,800 रुपये।
चांदी की मूर्तियों का अनुमानित मूल्य 20,160 रुपये बताया गया है। वहीं, चांदी के सिक्कों की कीमत 58,800 रुपये आंकी गई है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से बताया गया है कि दोनों मामलों का अनुसंधान जारी है। बैंक लॉकरों की तलाशी के दौरान बरामद सोने-चांदी के आभूषणों का विवरण सामने आने के बाद अब जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई में जुटी है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है और आम लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित सूचना देने की अपील की है।




