Bihar News: बिहार में मध्याह्न भोजन योजना (मिड डे मील) के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग एजेंसियों के कर्मचारियों की सेवाएं 1 जनवरी 2027 से समाप्त हो जाएंगी। इस फैसले से जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखापाल तथा जिला एवं प्रखंड साधनसेवियों के पदों पर कार्यरत कर्मियों की सेवाएं प्रभावित होंगी।
मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर 12 सेवा प्रदाता एजेंसियों को सूचित कर दिया है। मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक विनायक मिश्र ने शुक्रवार को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध कराए गए मानवबल की सेवाएं नहीं ली जाएंगी।
पत्र के अनुसार, राज्य में मध्याह्न भोजन योजना के विभिन्न मूल रिक्त पदों के विरुद्ध संबंधित सेवा प्रदाता संस्थाओं के माध्यम से मानवबल की सेवाएं ली जा रही हैं। इस व्यवस्था को लेकर निदेशालय ने पूर्व में 18 दिसंबर 2025 को पत्र जारी किया था। इसमें सक्षम प्राधिकार की अनुमति के आधार पर स्पष्ट किया गया था कि एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध कराए गए कर्मचारियों से केवल 31 दिसंबर 2026 तक ही काम लिया जा सकता है।
निदेशक द्वारा जारी ताजा आदेश में कहा गया है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखने की अनुमति सक्षम प्राधिकार से प्राप्त नहीं है। इसलिए 1 जनवरी 2027 से इन कर्मियों की सेवाएं नहीं ली जाएंगी।
इस आदेश के साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के तहत आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से संचालित मानवबल की व्यवस्था 31 दिसंबर 2026 के बाद समाप्त हो जाएगी। इससे योजना के विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य पर असर पड़ने की संभावना है।





