EOU Raid Bihar: बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गया जिले में कथित आपराधिक गतिविधियों और अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में मुख्य आरोपी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसकी पत्नी सुनीता कुमारी समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. छापेमारी के दौरान 76 लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े 106 दस्तावेज बरामद होने की जानकारी दी गई है.
आर्थिक अपराध इकाई को सूचना मिली थी कि भगत यादव अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पिछले 15 से 16 वर्षों से आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित कर रहा था. उस पर रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, सरकारी कार्य में बाधा डालने और गरीब ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप हैं.
15 साल में करोड़ों की संपत्ति अर्जित
EOU की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भगत यादव ने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर 67 निबंधित दस्तावेजों के जरिए करीब 7790 डिसमिल जमीन, फ्लैट और मकान अर्जित किए हैं. इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है. जांच एजेंसी के अनुसार, कथित आपराधिक गतिविधियों से अर्जित रकम को संपत्ति में निवेश कर धनशोधन किया गया.
जांच में यह भी सामने आया कि भगत यादव अपनी पत्नी सुनीता कुमारी को राजनीति में स्थापित करने का प्रयास कर रहा था. सुनीता कुमारी वर्तमान में ब्लॉक प्रमुख बताई गई हैं.
गया, औरंगाबाद, पटना और झारखंड में छापेमारी
मामले में आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 34/26 के तहत 26 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद पटना स्थित न्यायालय से आरोपितों के ठिकानों की तलाशी के लिए वारंट लिया गया. EOU ने गया, औरंगाबाद, पटना और झारखंड के चतरा जिले में कुल 10 आवासीय ठिकानों पर छापेमारी के लिए विशेष टीम गठित की.
इस कार्रवाई में आर्थिक अपराध इकाई के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष कार्यबल और गया जिला पुलिस की टीम को भी शामिल किया गया.
फिलहाल मामले में बरामद नकदी, जमीन के दस्तावेज और अन्य संपत्तियों की जांच की जा रही है. जांच एजेंसी आरोपितों की संपत्ति के स्रोत और कथित आपराधिक गतिविधियों से उनके संबंधों का पता लगाने में जुटी है.





