Anand Mohan: पूर्व सांसद आनंद मोहन ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड और अपनी सजा को लेकर एक बार फिर खुलकर अपनी बात रखी है। सहरसा में उन्होंने कहा कि इस मामले में नियमों को ताक पर रखकर उन्हें बेवजह फंसाया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस गुनाह की सजा उन्हें दी गई, यह बात आज तक उनकी समझ से बाहर है। आनंद मोहन ने आरोप लगाया कि उस दौर में उनकी बढ़ती लोकप्रियता के कारण उन्हें साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया।
उन्होंने कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 14 साल के बजाय 16 साल से अधिक समय तक जेल में रहना पड़ा। जब वे जेल से बाहर आए और स्वस्थ नजर आए, तो विरोधियों को लगा कि वे अभी भी राजनीति और समाज में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद उनके खिलाफ एक बार फिर साजिश रची गई।
उच्चतम न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए आनंद मोहन ने कहा कि शुरुआत से ही इस मामले में उनके पक्ष को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने घटना के समय और अपनी गिरफ्तारी का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि गोपालगंज में डीएम की हत्या के महज 12 मिनट बाद उन्हें 67 किलोमीटर दूर हाजीपुर में गिरफ्तार कर लिया गया था।
उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में 67 किलोमीटर की दूरी तय करना संभव नहीं है। हेलीकॉप्टर से भी इतनी दूरी तय करने में अधिक समय लगता, क्योंकि उड़ान भरने और उतरने में ही कई मिनट लग जाते हैं।
आनंद मोहन ने कहा कि इस मामले में कुल 37 लोगों को आरोपित बनाया गया था, जिनमें से सात लोगों को सजा हुई। बाद में अन्य आरोपित बरी हो गए और सिर्फ उन्हें सजा मिली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उनकी गर्दन मोटी थी।
उन्होंने गोपालगंज में पूर्व में हुए डीएम व्यास जी हत्याकांड का भी जिक्र किया। आनंद मोहन ने कहा कि उस मामले में कथित तौर पर 'ऑर्डर गिवर' तक को बरी कर दिया गया, जबकि उन्हें न तो ऑर्डर गिवर माना गया और न ही उनके खिलाफ प्रत्यक्षदर्शियों की ठोस गवाही थी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें भीड़ को उकसाने के आरोप में फंसाया गया था। मामले में पेश किए गए दो प्रत्यक्ष गवाह भी बाद में अपने बयान से मुकर गए थे।
बिहार सरकार की जेल नियमावली में किए गए संशोधन को लेकर आनंद मोहन ने तीखा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नियमों में संशोधन किया, जिसके तहत पहले 36 लोग जेल से बाहर आए और अब तक तीन हजार से अधिक लोग इसी प्रावधान के तहत रिहा हो चुके हैं।
उन्होंने सवाल किया, "नियम में संशोधन से छूटे सभी तीन हजार लोग वापस जाएंगे या सिर्फ मैं ही जेल जाऊंगा?" आनंद मोहन ने कहा कि यदि इस संशोधन के आधार पर उनकी रिहाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इस प्रावधान के तहत जेल से बाहर आए अन्य लोगों के साथ क्या होगा।
आनंद मोहन ने बताया कि उन्होंने अपने पैतृक गांव से ही इस मुद्दे पर जन-अभियान शुरू कर दिया है। आगामी शनिवार को उनके बेटे और विधायक चेतन आनंद ने पटना में एक बैठक बुलाई है। इस बैठक के बाद वे पूरे देश का दौरा करेंगे और लोगों को इस मामले से जुड़ी अपनी बात और तथ्यों से अवगत कराएंगे।
अपने संबोधन के अंत में आनंद मोहन भावुक और आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहा कि आजादी के आठ दशक बाद भी अगर सच को सच कहना गुनाह है, तो वे गुनाहगार हैं। उन्होंने कहा, सच कहना यदि बगावत है, तो मानो हम भी बागी हैं।





