Lalu Prasad Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य एक बार फिर अपने पिता के प्रति प्यार और चिंता को लेकर चर्चा में हैं. दो दिनों के लिए पटना से बाहर जाने से पहले रोहिणी अपने पिता से मिली. इस दौरान उन्होंने लालू यादव से समय पर खाना खाने और अपनी सेहत का ख्याल रखने की बात कही. पिता-बेटी के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है.
वीडियो में रोहिणी आचार्य अपने पिता को समझाती नजर आ रही हैं कि समय पर खाना खाएं और अपना ध्यान रखिएगा. वहीं लालू प्रसाद यादव भी बेटी की बातें सुनते हुए ओके-ओके कहते दिखाई दे रहे हैं. बातचीत के दौरान लालू यादव ने रोहिणी को उनकी यात्रा के लिए मंगलमय होने का आशीर्वाद भी दिया.
पिता के लिए रोहिणी ने लिखी भावुक बात
रोहिणी आचार्य ने इस वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने पिता के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए भावुक संदेश भी लिखा है. उन्होंने लिखा, “पापा मेरे जीवन की सबसे घनी व गहरी छांव हैं. यह बंधन शब्दों से परे है. पापा के द्वारा कही गई हर बात मेरे लिए आशीर्वाद और ईश्वरीय मंत्र है. मेरी हर प्रार्थना में बस पापा की सेहत और उनकी मुस्कान की दुआ होती है.”





