Bihar Politics: आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव ने पहले तो परिसीमन बिल का खुलकर समर्थन कर दिया और जब उनका बयान मीडिया में आया तो पलटी मार गए। पहले तो उन्होंने केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे देश के विकास के लिए जरूरी बताया लेकिन बाद में कहा कि उन्होंने पंचायत चुनाव में परिसीमन की बात कही थी ना कि लोकसभा में। इस दौरान उन्होंने बीजेपी को लेकर भविष्यवाणी भी कर दी।
सुरेंद्र यादव ने कहा कि सुबह उनके घर बहुत सारे मुखिया आए थे और वह चाहते हैं कि पंचायत चुनाव तक परिसीमन हो जाए। हम तो पंचायत चुनाव के बारे में बोले थे लेकिन अगर कोई दूसरा बात आ गया होगा तो या गोदी मीडिया वाले लोग गलत चला रहे हैं तो मुझे क्षमा करेंगे। हम पार्टी के स्टैंड के साथ हैं, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता तेजस्वी यादव का आदेश होगा उसी स्टैंड पर हम चलेंगे।
आरजेडी सांसद ने कहा कि परिसीमन बिल के समर्थन का सवाल ही नहीं उठता है, हमारी पार्टी के आलाकमान जो कहेंगे वही हम भी करेंगे। आलाकमान जो निर्णय लेंगे उसी स्टैंड के साथ हम खड़े हैं। पंचायत चुनाव में सब मुखिया लोग परिसीमन चाहते हैं, ना कि लोकसभा में।
वहीं महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में फाड़ने के सवाल पर सुरेंद्र यादव ने कहा कि महिला आरक्षण बिल गलत था। महिला बिल जब भी आवे तो उसका रिजर्वेशन होना चाहिए न, कि बिना रिजर्वेशन के पास हो जाएगा। मुट्ठी भर लोग कब्जा कर देश पर राज करना चाहते हैं और कर भी रहें है। उनके पास मुट्ठी पर वोट ही है। वोट चोरी कर ये लोग राज कर रहे हैं।
उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि कहा कि ये लोग देश की आजादी की लड़ाई लड़ने गए थे क्या? आज जो भी नेता मंत्री बना हुआ है, उसका परिवार आजादी की लड़ाई लड़ने गया था क्या? ये सब तो मालपुआ खा रहा है और मलाई चाभ रहा है। मेरा 32 दांत है, भविष्यवाणी करता हूं कि 2029 में ये समाप्त हो जाएंगे।





