Bihar Tender Scam: बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में पटना हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मामले की अगली सुनवाई 4 दिसंबर 2026 को होगी। जस्टिस सत्यव्रत वर्मा की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता ऋषुश्री की याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के संयुक्त निदेशक और विशेष निगरानी इकाई (SVU) के अपर पुलिस महानिदेशक को अगली सुनवाई में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
सुनवाई से पहले विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने अदालत में 80 पन्नों का स्टेटमेंट ऑफ फैक्ट दाखिल किया। इसमें अब तक जुटाए गए साक्ष्य, जांच की प्रगति और आरोपियों की भूमिका से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के जरिए एजेंसी ने मामले में अपनी जांच का पक्ष मजबूत करते हुए जमानत का विरोध करने की तैयारी की है।
इस मामले में आर्थिक अपराधों की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। 15 अक्टूबर 2026 को हुई पिछली सुनवाई में पटना हाईकोर्ट ने जांच की धीमी गति और बड़े अधिकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद ED ने आईएएस अधिकारियों आनंद किशोर, अभिलाषा शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार भल्ला और योगेश्वर सागर से पूछताछ की।
पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मामले की जांच पर गंभीर सवाल उठाए थे। अदालत ने टिप्पणी की थी कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस पूरे मामले में कुछ बड़े अधिकारियों को बचाने और कुछ लोगों को जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कानून की नजर में सभी बराबर हैं।
हाईकोर्ट ने ऋषुश्री की भूमिका पर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की थी। ED भले ही याचिकाकर्ता को कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग का मुख्य सूत्रधार बता रही हो, लेकिन उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अदालत को ऐसा प्रतीत होता है कि याचिकाकर्ता महज एक 'मोहरा' है और असली मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे छिपे हो सकते हैं।
अदालत के सामने ED ने जानकारी दी थी कि उसने छह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ विश्वसनीय इनपुट साझा किए थे। इसके बाद मुमुक्षु चौधरी, तरणी दास और उमेश कुमार नाम के तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
हालांकि, बाकी अधिकारियों की भूमिका और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए SVU के अपर पुलिस महानिदेशक को पक्षकार बनाने का निर्देश दिया था।
अदालत ने जानना चाहा था कि PMLA की धारा 66 के तहत सूचना साझा करते समय, जिसके आधार पर SVU PS कांड संख्या 05/2025 दर्ज किया गया, क्या संजीव हंस के अलावा किसी अन्य सरकारी अधिकारी का नाम भी सामने आया था?
अगर अन्य अधिकारियों के नाम भी सामने आए थे तो उनके नाम एफआईआर में शामिल क्यों नहीं किए गए? क्या ED ने इस संबंध में SVU के अपर पुलिस महानिदेशक के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी?
हाईकोर्ट ने यह भी पूछा था कि ED द्वारा छह वरिष्ठ अधिकारियों के नाम साझा किए जाने के बावजूद सभी को एफआईआर में आरोपी क्यों नहीं बनाया गया। जांच के दौरान इन अधिकारियों की भूमिका को लेकर अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं और यदि उनके नाम सामने आए थे तो पूछताछ के लिए अब तक समन क्यों जारी नहीं किया गया?
अदालत ने ED के जवाब को कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर टालमटोल वाला बताया था और अधिकारियों की भूमिका की विस्तृत जांच पर जोर दिया था। फिलहाल याचिकाकर्ता न्यायिक हिरासत में है। पटना हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच ED कर सकती है।
अब 4 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई में ED और SVU की ओर से दिए जाने वाले जवाब पर सबकी निगाहें टिकी हैं। अदालत के सख्त रुख के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच एजेंसियां वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका और कथित टेंडर घोटाले से जुड़े सवालों पर क्या तथ्य पेश करती हैं।




