EOU Bihar: बिहार के भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जांच तेज कर दी है। आय से अधिक संपत्ति और काली कमाई के निवेश की आशंका को देखते हुए EOU की विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि पूर्वी बिहार, कोसी और सीमांचल के कई जिलों में तैनात रहे अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिहार से बाहर इन इलाकों में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों में करोड़ों रुपये का निवेश किया है।
गोपनीय सूचनाओं के आधार पर EOU की एक विशेष टीम ने सिलीगुड़ी में डेरा डाल रखा है। जांच के दौरान टीम ने जलपाईगुड़ी स्थित रजिस्ट्रेशन कार्यालय से पिछले 10 वर्षों में जमीन और अन्य अचल संपत्तियों की खरीद-बिक्री से जुड़ा रिकॉर्ड जुटाया है।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्वी बिहार, कोसी और सीमांचल के विभिन्न जिलों में पदस्थापित रहे कई सरकारी अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों द्वारा सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर निवेश किए जाने की आशंका है। जांच एजेंसी को आशंका है कि कुछ भ्रष्ट लोकसेवकों ने स्थानीय जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए बिहार के बजाय पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में संपत्तियां खरीदीं।
सीमांचल के जिलों से सिलीगुड़ी की दूरी कम होने के कारण अधिकारियों के लिए अपनी संपत्तियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की देखरेख करना भी आसान माना जाता था। इससे पहले भी कई लोकसेवकों की कथित अवैध संपत्तियों का खुलासा सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में हो चुका है।
EOU के एडीजी के निर्देश पर जुटाए गए पिछले 10 वर्षों के संपत्ति संबंधी आंकड़ों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। जांच एजेंसी इन रिकॉर्ड का मिलान बिहार के संदिग्ध सरकारी कर्मचारियों, उनके जीवनसाथी, रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों के नाम से कर रही है।
जांच में ऐसे मामले भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिनमें सीधे अपने नाम पर संपत्ति खरीदने के बजाय शेल कंपनियों या रिश्तेदारों के नाम पर करोड़ों रुपये के प्लॉट, फ्लैट और कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदी गई हैं।
जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, संपत्तियों से जुड़े आंकड़ों के सत्यापन का काम अंतिम चरण में है। बेनामी संपत्तियों और आय से अधिक निवेश के पुख्ता सबूत मिलने के बाद नए साल की शुरुआत में EOU एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर सकती है।
दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (DA) का मामला दर्ज करने के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। फिलहाल EOU की जांच का दायरा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में खरीदी गई संपत्तियों तक फैला हुआ है। जांच पूरी होने के बाद कई सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।





