Puri Anand Vihar Express News: बिहार के सासाराम जंक्शन पर रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां पुरी से आनंद विहार जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 21 मिनट पहले ही स्टेशन से रवाना हो गई. अचानक ट्रेन खुलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मामला सामने आने के बाद रेलवे ने चालक, गार्ड, स्टेशन मास्टर समेत परिचालन से जुड़े अन्य कर्मचारियों से जवाब मांगा है.
दरअसल, शनिवार की रात ट्रेन संख्या 18427 पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस सासाराम जंक्शन पहुंची थी. रेलवे के निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार ट्रेन के सासाराम पहुंचने का समय रात 11:04 बजे और यहां से रवाना होने का समय 11:06 बजे था. लेकिन ट्रेन रात 10:42 बजे ही स्टेशन पहुंच गई और महज तीन मिनट बाद 10:45 बजे रवाना भी हो गई.
ट्रेन के समय से पहले खुलने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया. कई यात्री ट्रेन पकड़ने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही ट्रेन स्टेशन से निकल गई. यात्रियों ने जब स्टेशन प्रबंधन के सामने अपनी परेशानी रखी तो स्टेशन मास्टर जितेंद्र कुमार ने इसकी जिम्मेदारी ट्रेन के गार्ड पर डाल दी.
एडवांस सिग्नल पर रोकी गई ट्रेन, फिर कुदरा में भी करना पड़ा इंतजार
मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे ने ट्रेन को एडवांस सिग्नल पर कुछ देर के लिए रुकवाया, ताकि छूटे हुए यात्री उसमें सवार हो सकें. इसके बावजूद यात्रियों की परेशानी को देखते हुए ट्रेन को आगे कुदरा रेलवे स्टेशन पर भी रोकना पड़ा.
यात्रियों को कुदरा तक पहुंचाने के लिए स्थानीय रेल प्रशासन की ओर से घोषणा कराई गई. इसमें यात्रियों से ट्रेन संख्या 13151 सियालदह-जम्मूतवी एक्सप्रेस से कुदरा पहुंचकर पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस में सवार होने की अपील की गई.
आखिर समय से पहले ट्रेन को चलाने का सिग्नल किसने दिया?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब ट्रेन निर्धारित समय से पहले सासाराम पहुंच गई थी तो उसे तय समय से पहले रवाना करने की अनुमति किसने दी? चालक और गार्ड को समय से पहले ट्रेन चलाने के लिए सिग्नल कैसे मिल गया? स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए निर्धारित समय का पालन क्यों नहीं किया गया?
जानकारी के मुताबिक, डीडीयू-गया रेलखंड पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाए जाने के बाद यह ट्रेन निर्धारित समय से पहले सासाराम पहुंच रही है. हालांकि, ट्रेन का जल्दी पहुंचना अलग बात है, लेकिन निर्धारित समय से पहले उसे रवाना कर देना रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है.
रेलकर्मियों को शो-कॉज, विभागीय कार्रवाई शुरू
डीडीयू रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक सह पीआरओ विश्वनाथ ने इस घटना को रेलवे की बड़ी चूक बताया है. उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और ट्रेन के चालक, गार्ड, स्टेशन मास्टर समेत परिचालन से जुड़े अन्य कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद ट्रेन को रोककर यात्रियों को उसमें सवार कराने की व्यवस्था की गई. साथ ही सभी रेलकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा नहीं होनी चाहिए.





