Bihar Crime News: बिहार के वैशाली में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर में स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक युवक का शव देखा, शव देखने में ऐसा प्रतीत होता है कि धारदार हथियार से युवक के सिर पर वार कर हत्या की गई है। कनपटी के पास गहरे ज़ख्म देखा गया है।
हत्या करने के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया है। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कप मच गया। शव देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची सराय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक की हत्या करीब पांच दिन पहले की गई होगी। मृतक का शव अर्द्धनग्न अवस्था में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक की पहचान के साथ-साथ हत्या के कारणों और हत्यारों का पता लगाने में जुटी है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सराय थाना अध्यक्ष मणिभूषण कुमार सिंह ने बताया कि शव देखने में चार से पांच दिन पुराना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।