Bihar Crime News: बड़ी खबर सीवान से आ रही है, जहां दो लाख के इनामी बदमाश सद्दाम हुसैन उर्फ अली अहमद ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सद्दाम सीवान के बहड़रिया का रहने वाला है। मंगलवार की दोपहर सीवान के सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। 


दरअसल, सद्दाम लंबे समय से सीवान और गोपालगंज पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। सद्दाम ने गोपालगंज में मुखिया मोहम्मद कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों जिलों में इसके खिलाफ हत्या और अन्य अपराधों से जुड़े मामले दर्ज हैं। सरकार ने इसे जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए दो लाख रुपए के इनाम की घोषणा कर रखा था।


यह लंबे समय से फरार था और दोनों जिलों की पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। पुलिस ने इसके घर की कुर्की जब्ती भी की थी। सरेंडर करने के बाद कोर्ट ने इसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस जल्द ही कोर्ट में अर्जी लगाएगी और इसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान कई कांडों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।