BAGAHA: बिहार में किसान खाद के लिए परेशान है। बगहा में किसान भवन (बिस्कोमान) परिसर में सोमवार को खाद वितरण के दौरान भारी हंगामा हो गया। किसानों की लंबी कतारें लगी थीं, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद जब उन्हें खाद नहीं मिला, तो नाराज किसानों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वहां धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी मच गई। हालात पर काबू पाने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। किसानों का आरोप है कि कृषि पदाधिकारी के इशारे पर उन पर डंडे बरसाए गए। लाठीचार्ज में कई किसान घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद नाराज किसानों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए और चेतावनी दी कि अगर खाद वितरण पारदर्शी तरीके से नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।