Hindi News / news / विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भारी हंगामा, सदन में उठा तुषार हत्याकांड...

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भारी हंगामा, सदन में उठा तुषार हत्याकांड का मामला

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 20, 2023, 11:27:21 AM

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भारी हंगामा, सदन में उठा तुषार हत्याकांड का मामला

- फ़ोटो

PATNA: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही सदन में बिहार में बढ़ते अपहरण की घटनाओं को लेकर भारी हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने पटना में शिक्षक के बेटे तुषार की अपहरण करने के बाद हत्या का मामला मजबूती के साथ उठाया। सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं मिलने पर बीजेपी के विधायक वेल में पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही चलती रही।


नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने सदन को बताया कि बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। बिल्डर से दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई है जबकि पटना के बिहटा में तुषार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों से भी अपहरण के मामले सामने आ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा कि बिहार में फिर से अपहरण और रंगदारी का उद्योग शुरू हो गया है।


नेता प्रतिपक्ष के सवाल उठाने पर सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। स्पीकर अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि आपने सूचना दे दी है, स्थान ग्रहण कीजिए। सरकार की तरफ से इस मुद्दे पर जवाब नहीं देने के बाद विपक्ष के विधायक हंगामा करने लगे और वेल में आ गए। स्पीकर बार बार बीजेपी विधायकों से बैठने का आग्रह करते रहे लेकिन बीजेपी विधायक काफी देर तक हंगामा करते रहे।


बता दें कि बिहटा के श्रीरामपुर स्कूल के प्राचार्य राजकिशोर पंडित के इकलौते बेटे 13 वर्षीय तुषार का अपहरण 16 मार्च को हुआ था। अपहरण के बाद चालीस लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी थी। तुषार के पिता के मोबाइल पर दो बार धमकीभरा वॉइस मैसेज आ चुका था। मैसेज भेजने वाले ने फिरौती की मांग करते हुए कहा कि 40 लाख रुपये का प्रबंध करों नहीं तो बेटे से हाथ धो दोंगे। फिरौती के पैसे नहीं मिलने पर बदमाशों ने तुषार को जिंदा जला दिया और उसका अधजला शव पुलिस ने बरामद किया था।