1st Bihar Published by: Updated Jun 08, 2022, 4:26:28 PM
- फ़ोटो
DESK: बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये है और यही कारण है कि एक के बाद एक अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला हाजीपुर कोर्ट का है जहां अपराधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। पेशी के लिए आए एक व्यक्ति पर कोर्ट परिसर में हमला हुआ है। प्रेम प्रसंग में भागे युवक और युवती को आज कोर्ट में पेश किया गया था।
पेशी के बाद लड़के के परिजनों को लड़की सौंपी जा रही थी। तभी इसी दौरान लड़के के पिता पर कोर्ट के गेट के पास लड़की के पिता अखिलेश राय ने चाकू से हमला कर दिया जिससे वे बुरी तरह घायल हो गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने घायल को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा। घायल लड़के के पिता मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
वही दूसरी घटना सीतामढ़ी की है जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया है। लूटेरों की तस्वीर घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि अपराधियों ने पेट्रोल पंप के नोजल मैनेजर और मैनेजर से हथियार के बल पर दो लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गये। बाइक सवार तीनों अपराधी कैश लूटने के बाद फिल्मी स्टाइल में फरार हो गये।
घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गयी है। अपराधियों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में रीगा थाना पुलिस जुटी हुई है। देखना यह होगा कि दोनों ही मामलों में पुलिस कब तक कार्रवाई कर पाती है। छपरा में भी दिनदहाड़े 4 लाख की लूट हुई है। बाइक सवार 3 बदमाशों ने हथियार के बल पर खाद कारोबारी को निशाना बनाया है। छपरा के अवतारनगर थानाक्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सभी बिन्दुओं की जांच पुलिस कर रही है।
वही वैशाली जिले के महनार थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित BSS माइक्रो फाइनेंस कार्यालय से हथियारबंद अपराधियों ने 40 हजार रुपये लूट लिया। तीन की संख्या में आये अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया है। विरोध करने पर कर्मियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद मौके पर पंहुची पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।
