1st Bihar Published by: Updated Mon, 01 Aug 2022 10:00:24 AM IST
- फ़ोटो
KATIHAR: घटना कटिहार जिले की है, जहां देवघर जा रहे बाइक सवार कांवरिया दंपत्ति को ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें महिला की मौत हो गई। घटना कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच 31 सड़क पर घटी। जानकारी के अनुसार सिमर गाछ के पास बाइक सवार बोल बम जा रहे कांवरिया दंपत्ति को अज्ञात ट्रक ने पीछे से ठोकर मार दी। इस घटना में बाइक सवार महिला कांवरिया की मौत हो गई, जबकि पति घायल है।
घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक़ एनएच 31 सड़क पर सिमर गाछ के पास कुरसेला से नवगछिया जा रही तेज रफ्तार की अज्ञात ट्रक ने देवघर जा रहे कांवरिया दंपत्ति को पीछे से ठोकर मार दी। घटना की चपेट में आए बाइक सवार दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी सड़क पर मौजूद लोगों ने कुर्सेला पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और दंपत्ति को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया। लेकिन, महिला सविता देवी की मौत हो गई, जबकि पति विपिन यादव घायल बताये जा रहे हैं। घटना के बाद पति विपिन यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।