1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 12, 2024, 4:16:20 PM
- फ़ोटो
GAYA : लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने पिछले दिनों यह कहकर सियासत गरमा दी थी कि अगर इंडी गठबंधन की सरकार बनी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के सभी नेताओं को जेल भेज दिया जाएगा। मीसा ने अपने उस बयान पर सफाई भी दे दी है। लेकिन मीसा के उस बयान को लेकर शुरू हुई सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। लोजपा (रामविलास) के चीफ चिराग पासवान ने एक बार फिर मीसा भारती पर तीखा तंज किया है।
गया में एनडीए के उम्मीदवार पूर्व सीएम जीतनराम मांझी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए चिराग ने मीसा भारती बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि जिसके खुद के ऊपर और उसके परिवार के ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हों, उसे पीएम मोदी के बारे में कुछ भी बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
चिराग ने कहा कि पीएम मोदी के बारे में किस तरीके की भाषा बोली जा रही है। पीएम देश का गौरव हैं। इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करके वे क्या संदेश देना चाहते हैं? जो बोल रहे हैं, खुद उनके और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार का आरोप है। ऐसे में इस तरह की भाषा सिर्फ बदले की भावना को दर्शाती है। चिराग ने कहा कि यह लोकसभा का चुनाव देश के अगले पांच साल के भविष्य को तय करने वाला है।
बता दें कि पीएम मोदी को जेल भिजवाने का बयान देकर भारी फजीहत झेलने के बाद पाटलिपुत्र से आरजेडी उम्मीदवार और लालू की बड़ी बेटी मीसा भारती ने सफाई दी है कि उन्होंने पीएम मोदी को जेल भिजवाने की बात नहीं कही थी। बल्कि सुप्रीम कोर्ट ने इलेक्टोरल बांड पर जो टिप्पणी की है, उसी पर कहा था कि अगर हमारी सरकार बनी तो इसकी जांच करवाई जाएगी।