1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 06, 2024, 2:04:25 PM
- फ़ोटो
MOTIHARI: मोतिहारी में पोखर में डूबने से दो किशोर की मौत हो गई। दोनों किशोर शनिवार की सुबह खेतों की तरफ गए थे। इसी दौरान पैर फिसल गया और दोनों पोखर के गहरे पानी में चले गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना सुगौली प्रखंड के पंजिआरवा पंचायत के परसौना गांव की है।
मृतकों की पहचान परसौना निवासी उपमुखिया जय साह के 13 वर्षीय बेटे दीपांशु कुमार और चमन साह के 12 साल के बेटे अमन कुमार के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह दोनों खेत की ओर गए थे। सरेह में जाने के समय दोनों पोखर में चले गए। दोनों को डूबता देख गांव की एक लड़की ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों किशोर के परिजन पोखर के पास पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम