1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jul 15, 2023, 11:24:31 AM
- फ़ोटो
BEGUSARAI: खबर बेगूसराय से आ रही है, जहां बेखौफ बदमाशों ने सुबह सवेरे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक को चार गोलियां दाग दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालपुर की है।
मृतक की पहचान लालपुर के वार्ड संख्या 27 के रहने वाले रामबहादुर पंडित के बेटे सुरेश पंडित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह सुरेश सड़क किनारे खेत में काम कर रहा था, तभी बदमाशों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की इस घटना में सुरेश को चार गोलियां लगीं, जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गोली की आवास सुनकर जबतक आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तबतक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। गुस्साए परिजनों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया हालांकि बाद में काफी समझाने बुझाने के बार परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।
पूरे मामले पर बेगूसराय एसपी ने बताया है कि सुबह करीब 10 बजे यह घटना हुई है। वारदात के थोड़ी ही देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी के मुताबिक, मृतक का अपने ही भाई से जमीन का विवाद चल रहा था और उसी विवाद को लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। हत्या में शामिल मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है और छानबीन की जा रही है।