1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 26, 2023, 5:14:10 PM
- फ़ोटो
SAMASTIPUR: खबर समस्तीपुर से आ रही है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो एक शराबी पिता ने अपने ही तीन साल के मासूम बेटे की गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। घटना मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के भदैया की है।
बताया जा रहा है कि भदैया गांव निवासी कुंदन सहनी मंगलवार की शाम नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। काफी नशे में होने के बावजूद वह और शराब पीने की बात कह रहा था। शराब पीने के लिए उसने अपनी पत्नी से 100 रुपए मांगे लेकिन पत्नी ने पैसे देने से सीधे इनकार कर दिया। फिर क्या था कुंदन आपे से बाहर हो गया और पत्नी के साथ मारपीट करने लगा।
इसी दौरान आरोपी गड़ासा लेकर पत्नी को काटने के लिए दौड़ा लेकिन वह किसी तरह से वहां से जान बचाकर भाग निकली। जिसके बाद आरोपी ने घर में सो रहे अपने ही तीन साल के बेटे के गर्दन पर गड़ासे से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ बच्चे को परिजन अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।