बिहार में सीट शयेरिंग डन, महाराष्ट्र-ओडिशा और पंजाब में कहां अटकी बात

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 19, 2024, 7:13:49 AM

बिहार में सीट शयेरिंग डन, महाराष्ट्र-ओडिशा और पंजाब में कहां अटकी बात

- फ़ोटो

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के तरफ से एक ओर राज्य सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर मुहर लग गई। भारतीय जनता पार्टी बिहार में अब 17 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है। यहां, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल यूनाइटेड 16 सीटों पर लड़ेगी। इससे पहले पार्टी आंध्र प्रदेश में भी गठबंधन में सीट बंटवारा कर चुकी है। लेकिन फिलहाल भाजपा की  नजरें महाराष्ट्र, पंजाब और ओडिशा पर भी टिकी हुई हैं। यहां अभी तक फार्मूला सेट नहीं हो पाया है।


दरअसल,महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार कैंप) साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अब तक सीट बंटवारा नहीं हो सका है। यहां तीन सीटों को लेकर पेच फंसा हुआ है। इनमें बारामती, माढा और सतारा का नाम शामिल है। इससे पहले अटकलें थीं कि राज्य की 48 सीटों में से भाजपा 31, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना 13 और एनसीपी 4 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। फिलहाल, इस फॉर्मूले को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।


वहीं, ऐसा कहा जा रहा है कि, इस बार के लोकसभा चुनाव में लंबे समय के बाद ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल की NDA में वापसी हो सकती है। साथ ही कहा जा रहा था कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा और बीजद के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला भी तैयार हो चुका है, लेकिन कुछ समय पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कह दिया था कि बीजद के साथ गठबंधन की बात नहीं चल रही है। इस बयान के बाद वह दिल्ली भी गए थे। हालांकि, उन्होंने बताया कि वह चुनाव की तैयारियों के संबंध में दिल्ली पहुंचे थे।


इसके साथ ही भाजपा अपने पुराने साथी शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, अब हाल ही में शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने अटकलों पर विराम लगा दिया था और कहा था कि भाजपा के साथ गठबंधन पर नहीं पहुंचे हैं। हालांकि, उन्होंने भविष्य में साथ आने की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया था। 


उधर, दक्षिण में लगातार विस्तार की कोशिशों में जुटी भाजपा को आंध्र प्रदेश में बड़ी सफलता मिली है। यहां भाजपा पूर्व सीएम एन चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी, पवन कल्याण की जनसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। आंकड़े बता रहे हैं कि यहां टीडीपी 17, भाजपा 6 और जनसेना 2 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। वहीं, विधानसभा चुनाव में भाजपा 10, जेएसपी 21 और टीडीपी 144 सीटों पर मैदान में उतरेगी।