1st Bihar Published by: Updated Feb 26, 2022, 3:17:32 PM
- फ़ोटो
GAYA : गया से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां एक नाबालिग बच्ची को अगवा कर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना चंदौती थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी विधि व्यवस्था दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। जिले की एसएसपी हरप्रीत कौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड की टीम को भेजा। वहीं पुलिस की एक विशेष टीम आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची के पिता मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गुरुवार की रात बच्ची अपने परिजनों के साथ घर में सोयी हुई थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुसे और बच्ची को उठाकर पास के स्कूल में ले गए और वहां दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़ित बच्ची को उसके घर के बाहर छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।
रोती बिलखती बच्ची घर पहुंची और अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित बच्ची का हाल जानने एसएसपी हरप्रीत कौर सहित अन्य अधिकारी मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचे और डाक्टरों-परिजनों से बातचीत की। पूरे मामले में एसएसपी ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, पीड़ित बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में रखा गया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव है और लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।