बिहार : दुकान पर चाय पी रहा था छात्र, चार अपराधियों ने दिनदहाड़े मार दी गोली, हालत नाजुक

1st Bihar Published by: Updated Mar 10, 2022, 1:05:02 PM

बिहार : दुकान पर चाय पी रहा था छात्र, चार अपराधियों ने दिनदहाड़े मार दी गोली, हालत नाजुक

- फ़ोटो

ARRAH : बिहार में बेखौफ अपराधी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला भोजपुर के नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया मोड़ के पास की है, जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े एक छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।


घायल छात्र को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि अपराधी चार की संख्या में थे। घायल छात्र की पहचान अनाईठ मठिया मोहल्ला निवासी अरुण उदय कुमार चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र राज कुमार चौधरी के रूप में की गई है। अपराधियों ने राज कुमार चौधरी को दो गोलियां मारी है।


घायल छात्र राज कुमार ने बताया कि वह अपने घर से चचेरे भाई अंकित साथ बाइक पर सवार होकर अनाईठ मठिया मोहल्ले के पास चाय पीने के लिए चाय की दुकान पर गया था। इसी दौरान चार की संख्या में आये अपराधियो ने उसपर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।


इधर, घटना की सूचना मिलते ही आरा सदर अस्पताल पहुंचे एएसपी हिमांशु और नवादा थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है।