अरविंद केजरीवाल से ईडी की पूछताछ जारी, घर के बाहर आप कार्यकर्ताओं की उमड़ी भारी भीड़

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 21, 2024, 8:44:04 PM

अरविंद केजरीवाल से ईडी की पूछताछ जारी, घर के बाहर आप कार्यकर्ताओं की उमड़ी भारी भीड़

- फ़ोटो

DELHI: देश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर ईडी की टीम पहुंची है। ईडी के अधिकारियों ने पहले केजरीवाल के फोन को जब्त किया फिर पूछताछ शुरू की। आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता को घर के अंदर आने की अनुमति नहीं दी गयी है। घर के बाहर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं। भारी संख्या में रैप के जवानों की तैनाती की गयी है। वही ईडी की इस कार्रवाई से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। आप कार्यकर्ता केजरीवाल के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं और ईडी की कार्रवाई पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। 


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम देखने को मिल रहा है। आप कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। अरविंद जी संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं। आप कार्यकर्ताओं का कहना है कि दिल्ली की जनता का प्यार और आशीर्वाद केजरीवाल के साथ है। अभी कोर्ट में मामला चल रहा है। 22 अप्रैल की तारीख दी गयी है। इतनी जल्दी किस बात की है। गिरफ्तारी और रेड की क्या जल्दी है। पूरा षडयंत्र रचा जा रहा है जिसे दिल्ली की जनता भी जानती है। यह कार्रवाई निंदनीय है। इनकी क्या मंशा है यह आगे पता लग जाएगा। अभी कार्रवाई चल रही है। 


आप कार्यकर्ताओं का कहना है कि मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया कुछ भी नहीं मिला। 600 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया अब केजरीवाल जी को परेशान किया जा रहा है। डर यह है कि इलेक्शन आ रहा है चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहते हैं। उनकी आवाज को दबाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। भाजपा अरविंद केजरीवाल को फंसाने का काम कर रही है। उनकी गिरफ्तारी हम होने नहीं देंगे।


वही दिल्ली की मंत्री और AAP नेता आतिशी ने इसे राजनीतिक साजिश बताया। कहा कि यह स्पष्ट है कि ईडी और भाजपा के मालिक है वो कोर्ट का सम्मान नहीं करते हैं। अगर वो कोर्ट का सम्मान करते तो आज ही अरविंद केजरीवाल के आवास पर छापेमारी करने क्यों आती। जब कोर्ट ने नोटिस दे दिया तो फैसला का इंतजार क्यों नहीं करते। यह एक राजनीतिक साजिश है और वे अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए यहां आए हैं। वही दिल्ली के मंत्री इमरान हुसैन का कहना है कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह AAP और अरविंद केजरीवाल को रोकने की साजिश है। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल से प्यार करती है और वे इसका जवाब भाजपा को देंगे।


बता दें कि दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी 9 समन भेज चुकी है। 10वें समन लेकर ईडी की टीम आज उनके आवास पर पहुंच गये। पीएमएलए की धारा 50 के तहत उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। घर के बाहर रैप जवानों को तैनात किया गया है। महिला जवानों की भी तैनाती की गयी है। केजरीवाल से घर के अंदर ईडी की टीम पूछताछ कर रही है। इस दौरान पूरे घर की तलाशी भी ली जा रही है। 


बता दें कि केजरीवाल की लीगल टीम ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी है। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के बाद ईडी की टीम 10वां समन देने और पूछताछ के लिए उनके घर पर पहुंच गई। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से ईडी की पूछताछ जारी है।