Viral Video: खाने-पीने की चीजों से जुड़े वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। कभी स्ट्रीट फूड बनाने का अनोखा तरीका लोगों का ध्यान खींचता है, तो कभी किसी खाने की चीज को तैयार करने का अजीबोगरीब अंदाज चर्चा में आ जाता है। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और अपनी हंसी भी नहीं रोक पा रहे हैं। दरअसल, इस वीडियो में पनीर को चाकू से नहीं, बल्कि आरी की मदद से काटते हुए देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो में एक शख्स जमीन पर बैठकर पनीर के बड़े से टुकड़े को काटता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि पनीर काटने के लिए किसी सामान्य चाकू या किचन टूल की जगह आरी का इस्तेमाल किया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पनीर के टुकड़े को पकड़कर रखता है, जबकि दूसरा आरी से उसे काटने की कोशिश करता दिखाई देता है। पनीर इतना सख्त नजर आ रहा है कि उसे काटने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
आमतौर पर नरम और आसानी से कट जाने वाले पनीर को इस तरह आरी से काटते देखकर लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर पनीर इतना कठोर कैसे हो सकता है? यही अजीबोगरीब नजारा लोगों का ध्यान खींच रहा है और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पनीर की सख्ती को लेकर मजेदार कैप्शन भी लिखा गया है। पोस्ट में इसे 'अंबुजा सीमेंट पनीर' की नई वैरायटी बताया गया है। साथ ही मजाकिया अंदाज में लिखा गया कि इसे सिर्फ वही लोग खाएं, जिनके दांत लोहे के हों। पोस्ट में टिकाऊ और मजबूत पनीर के लिए संपर्क करने की बात भी कही गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स भी तरह-तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पनीर को लंबे समय तक फ्रीजर में रखने से वह इतना सख्त हो सकता है, जबकि कुछ यूजर्स इसे मिलावट वाले पनीर से जोड़कर देख रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि ऐसे पनीर को खाने के लिए तो लोहे के दांतों की जरूरत पड़ेगी।





