जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में रेलवे प्रशासन की कार्रवाई से एक गांव के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नौरू हॉल्ट के पास स्थित नेरथूआ मठ गांव जाने वाले मुख्य रास्ते को रेलवे ने काटकर बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। खास बात यह है कि यह गांव बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का भी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव तक पहुंचने के लिए रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाला रास्ता ही मुख्य मार्ग था। रेलवे प्रशासन ने इस रास्ते को अवैध बताते हुए बंद कर दिया। इसके बाद से गांव के लोगों को आने-जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
रास्ता बंद होने की जानकारी मिलने पर मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी खुद गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांव के लोगों की आवागमन संबंधी परेशानी को देखते हुए उन्होंने रेल मंत्री से यहां वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की है।
मंत्री ने बताया कि इस स्थान पर एलएचएस (लिमिटेड हाइट सबवे) निर्माण की स्वीकृति रेलवे की ओर से मिल चुकी है। हालांकि, एलएचएस का निर्माण शुरू होने से पहले ही रेलवे ने पुराने रास्ते को बंद कर दिया। इससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने जल्द से जल्द एलएचएस का निर्माण शुरू कराने की जरूरत बताई।
वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर सदर एसडीओ राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों के पैदल आने-जाने के लिए रास्ते की व्यवस्था की गई है। साथ ही रेलवे प्रशासन से संपर्क कर जल्द से जल्द एलएचएस का निर्माण कराने की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि रेलवे और जिला प्रशासन के प्रयास से जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा और गांव तक पहुंचने के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध हो सकेगा।





