पटना/गया: बिहार में जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सरकार का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जमीन विवाद से जुड़े एक पुराने मामले में अंचलाधिकारी महेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है। महेश कुमार फिलहाल पटना जिले के पालीगंज अंचल में अंचलाधिकारी के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह गया जिले के बोधगया अंचल में अंचलाधिकारी के रूप में पदस्थापित थे। इसी दौरान उन पर जमीन से जुड़े एक मामले में न्यायाधिकरण के आदेश का सही तरीके से अनुपालन नहीं करने का आरोप लगा था।
अब इस मामले में विभाग ने जांच की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी नए संकल्प के मुताबिक गया के अपर समाहर्ता को जांच यानी संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, गया के भूमि सुधार उप समाहर्ता को उपस्थापन पदाधिकारी बनाया गया है। दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि महेश कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की विभागीय स्तर पर जांच की जाए।
क्या है पूरा मामला, जिसके कारण फंसे CO महेश कुमार?
दरअसल, यह पूरा मामला गया जिले के बोधगया अंचल से जुड़ा हुआ है। परिवादी गोपाल सिंह, पिता स्वर्गीय रामचरित्र सिंह, निवासी ग्राम सहनु, अंचल बोधगया, जिला गया ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिहार भूमि न्यायाधिकरण, पटना की ओर से पारित आदेश का तत्कालीन अंचलाधिकारी महेश कुमार ने विधिवत अनुपालन नहीं किया।
दस्तावेज के मुताबिक, बिहार भूमि न्यायाधिकरण ने वाद संख्या 127/2019 में 12 जून 2023 को आदेश पारित किया था। इस आदेश में महेश कुमार को मामले की दोबारा सुनवाई करने और कानून के मुताबिक स्पष्ट आदेश पारित करने का निर्देश दिया गया था।
आरोप है कि न्यायाधिकरण के निर्देश के बावजूद तत्कालीन अंचलाधिकारी ने मामले के मूल विवाद यानी स्वत्व के बिंदु पर स्पष्ट और अंतिम निर्णय नहीं लिया। इसके बजाय वाद को लंबित रखा गया और जमाबंदी निरस्तीकरण से जुड़े अन्य तथ्यों का सहारा लिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि दाखिल-खारिज वाद संख्या 600/2012-13 में भी न्यायाधिकरण के आदेश के अनुरूप स्पष्ट और अंतिम निर्णय पारित नहीं किया गया। इसके अलावा आदेश में स्वत्व वाद संख्या का उल्लेख नहीं किए जाने को भी तथ्यात्मक त्रुटि के तौर पर उठाया गया था। विभागीय संकल्प में इन सभी बिंदुओं को आरोपों के रूप में दर्ज किया गया है।
स्पष्टीकरण देने के बाद भी नहीं मिली राहत
विभागीय दस्तावेज के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। विभागीय स्तर पर आरोप पत्र तैयार किया गया और अनुशासनिक प्राधिकार से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद महेश कुमार से लिखित बचाव और स्पष्टीकरण मांगा गया।इस संबंध में विभाग की ओर से पत्र जारी कर उनसे अपना पक्ष रखने को कहा गया था। इसके जवाब में महेश कुमार ने 7 सितंबर 2020 को अपना लिखित स्पष्टीकरण विभाग को सौंपा था। हालांकि, विभाग ने उनके स्पष्टीकरण और बचाव के पक्ष का परीक्षण करने के बाद उसे स्वीकार योग्य नहीं पाया। इसके बाद अनुशासनिक प्राधिकार ने आरोपों की समुचित जांच कराने का फैसला लिया।विभाग का मानना है कि केवल स्पष्टीकरण के आधार पर मामले को समाप्त नहीं किया जा सकता। इसलिए अब पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई जाएगी, ताकि आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
गया के अपर समाहर्ता को मिली जांच की जिम्मेदारी
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के नए संकल्प में जांच की पूरी प्रक्रिया और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 17(2) के तहत महेश कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही संचालित की जाएगी।
इसके तहत गया के अपर समाहर्ता को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें आरोपों की जांच कर विभागीय प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, भूमि सुधार उप समाहर्ता, गया को उपस्थापन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे जांच के दौरान विभाग की ओर से साक्ष्य और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे।
महेश कुमार को भी अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। विभागीय संकल्प में कहा गया है कि उन्हें अपने बचाव में पक्ष रखने के लिए आवश्यकतानुसार स्वयं उपस्थित होना होगा। हालांकि, इसके लिए संचालन पदाधिकारी की अनुमति जरूरी होगी।
पालीगंज में तैनाती के बीच बढ़ी विभागीय मुश्किलें
इस मामले में खास बात यह है कि जिस समय जमीन विवाद से जुड़ी कथित लापरवाही हुई थी, उस समय महेश कुमार गया के बोधगया अंचल में पदस्थापित थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पटना जिले के पालीगंज अंचल में है। यानी पुराना मामला अब उनकी मौजूदा तैनाती के दौरान विभागीय कार्रवाई तक पहुंच गया है।राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी संकल्प की प्रतिलिपि गया के जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता और संबंधित अधिकारी को भेजने का निर्देश दिया गया है।
बिहार में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, जमाबंदी और भूमि अभिलेखों से जुड़ी शिकायतें लंबे समय से प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। ऐसे में किसी अधिकारी पर न्यायाधिकरण के आदेश के अनुपालन में लापरवाही का आरोप लगने के बाद विभागीय जांच शुरू होना अहम माना जा रहा है।
फिलहाल महेश कुमार पर लगे आरोपों की जांच होनी बाकी है। विभागीय जांच में आरोप साबित होते हैं या नहीं, यह जांच रिपोर्ट और आगे की अनुशासनिक कार्रवाई से स्पष्ट होगा। लेकिन इस कार्रवाई ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को यह संदेश जरूर दिया है कि जमीन से जुड़े मामलों में न्यायिक और न्यायाधिकरण के आदेशों के अनुपालन को हल्के में लेना उनके लिए विभागीय परेशानी खड़ी कर सकता है।





