Bihar News: मुजफ्फरपुर के तुर्की-सरैया पथ पर तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन गंगाराम मुसहर टोला के समीप शुक्रवार की शाम मिट्टी लदे हाइवा की ठोकर से गंभीर रूप से घायल कुमोद मांझी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक तुर्की-सकरा मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
मुखिया सुमंगल सहनी ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब छह से सात बजे के बीच कुमोद मांझी सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान मिट्टी लदे हाइवा ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार और पुलिस की मदद से उन्हें सबसे पहले आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद एसकेएमसीएच ले जाने के क्रम में कुमोद मांझी ने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप था कि गरीब मांझी परिवार को इलाज और शव ले जाने के लिए तत्काल एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं हो सकी। घटना की सूचना पर एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी के नेतृत्व में तुर्की थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पर्यटन मंत्री के आप्त सचिव अमित कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी नीलम कुमारी ने मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी। साथ ही आगे चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर यातायात बहाल हो गया।





