DESK: इस वक्त की बड़ी खबर असम से आ रही है, जहां भीषण सड़क हादसे में 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है। वही 20 लोग बुरी तरह घायल हो गये हैं। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर चीख पुकार मच गया। घटना काजीरंगा नेशनल पार्क के पास की है। जहां मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसा कोहोरा रेंज में नेशनल हाईवे-715 पर हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
गोलाघाट के सीनियर पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण मिनी बस का चालक नियंत्रण खो बैठा होगा, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल लोगों को पहले कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है। क्षतिग्रस्त बस में कई यात्रियों के फंसे होने के कारण बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
काजीरंगा में हुए इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में हुई जनहानि से सभी लोग बेहद दुखी हैं। उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पूरा असम प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
वहीं बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि असम के काजीरंगा में हुए भीषण सड़क हादसे में 20 से अधिक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति





