NEW DELHI: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है।
धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पैसे नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज मिले हैं। आरोपी ने विधायक से कहा कि वह यह संदेश अरविंद केजरीवाल तक पहुंचा दें। इसके बाद जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी से इसकी शिकायत की।
विधायक जरनैल सिंह के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए। आरोपी के व्हाट्सऐप प्रोफाइल पर 'एच' नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और सात करोड़ रुपये देने की मांग की। रकम नहीं देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलने के बाद मोहाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी लॉग और लोकेशन के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। आरोपी के हरियाणा के रोहतक का रहने वाला होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वहीं, विधायक जरनैल सिंह ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इससे पहले मई 2024 में भी केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली थी। उस समय मेट्रो ट्रेन के कोच में धमकी भरे संदेश लिखे गए थे। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




