DESK: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मुंबई में गुरुवार को धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसमें अमिताभ बच्चन के बंगले के अलावा कई बैंकों और सार्वजनिक स्थानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
पिछले 20 दिनों के भीतर जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह तीसरा मामला है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। ईमेल के सब्जेक्ट में पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB की मुंबई ब्रांच में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर बम धमाका होने की बात लिखी गई थी। इसके अलावा ईमेल में 27 नवंबर और 31 दिसंबर समेत कई तारीखों का भी जिक्र किया गया है।
ईमेल में मुंबई के कई बैंकों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके साथ ही अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी भरा यह ईमेल PNB के मुंबई जोनल ऑफिस, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार ब्रांच को भेजा गया था। ईमेल में मुंबई एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस का भी जिक्र किया गया है। इसके अलावा खालिस्तान और कथित संगठन खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम भी ईमेल में शामिल है।
ईमेल भेजने के लिए reduak079@gmail.com अकाउंट का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, धमकी की गंभीरता और ईमेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।




