रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने पर विवाद, विरोध के बाद लगाई गई रोक; छठ पूजा को लेकर सियासत तेज

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा से पहले भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। विरोध के बाद रेलवे ने गाने बंद कर दिए हैं। वहीं, शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने छठ पूजा का विरोध करने वालों पर सवाल उठाते हुए उत्तर भारतीयों का समर्थन किया है।

Chhath Puja Song Controversy
प्रतिकात्मक तस्वीर
© Google
Mukesh Srivastava
3 मिनट

Chhath Puja Song Controversy: मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा से पहले भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ रेलवे स्टेशनों पर अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए भोजपुरी गाने चलाए गए थे। सोशल मीडिया पर इनके वीडियो सामने आने के बाद मराठी भाषी लोगों और कुछ संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद रेलवे ने स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाना बंद कर दिया है।




इस मामले को लेकर शिवसेना (UBT) की कॉरपोरेटर माधुरी मंजरेकर ने वडाला स्टेशन पर भोजपुरी गाने बजाए जाने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने रेलवे के अनाउंसमेंट सिस्टम के इस्तेमाल पर सवाल खड़े किए। इसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण रेलवे कामगार सेना ने भी रेलवे अधिकारियों के सामने यात्रियों की शिकायतों का मुद्दा उठाया।




महाराष्ट्र नवनिर्माण रेलवे कामगार सेना के नेता जितेंद्र पाटिल ने बताया कि उन्होंने इस मामले को रेलवे अधिकारियों के सामने उठाया था। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की ओर से मिल रही शिकायतों की जानकारी भी दी। पाटिल के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अब स्टेशनों पर भोजपुरी गाने नहीं बजाए जाएंगे।




वहीं, शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने इस विवाद पर अलग रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि भोजपुरी गाने बजाने को लेकर पहले भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद गाने बजाए गए और बाद में उन्हें बंद कर दिया गया। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर हो रही आलोचना को जरूरत से ज्यादा बताया।




म्हस्के ने कहा कि उत्तर भारतीय भी भारतीय हिंदू हैं और छठ पूजा हिंदुओं का प्रमुख त्योहार है। ऐसे में इस आयोजन का विरोध करना गलत है। उन्होंने संजय राउत की आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ हिंदुत्व को राष्ट्रवाद बताया जाता है, तो दूसरी तरफ हिंदुओं के त्योहार पर आपत्ति जताई जाती है।




उन्होंने पुराने 'मैं मुंबईकर' अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी उत्तर भारतीयों के कार्यक्रम और आयोजन होते रहे हैं। उस समय संजय निरुपम सांसद थे। म्हस्के ने सवाल किया कि अगर ऐसे आयोजनों का इतना विरोध था, तो पहले इन्हें क्यों होने दिया गया?




शिवसेना सांसद ने आगे कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय के लोग कई पीढ़ियों से मुंबई में रह रहे हैं और छठ पूजा के जरिए अपने धार्मिक त्योहार को मनाते हैं। ऐसे में उनके त्योहार का विरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब दूसरे धर्मों के धार्मिक आयोजनों में शामिल होने या उन्हें अनुमति देने पर आपत्ति नहीं होती, तो हिंदुओं के त्योहार का विरोध क्यों किया जा रहा है?

टैग्स
रिपोर्टिंग
F

रिपोर्टर

FIRST BIHAR

FirstBihar संवाददाता