Delhi Bihar Festival Special Train: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दिल्ली और आसपास के शहरों से बिहार आने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दरभंगा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का फैसला लिया है. यह ट्रेन नरकटियागंज और बेतिया होकर चलेगी, जिससे पश्चिम चंपारण के साथ-साथ उत्तर बिहार के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी पत्र के अनुसार, नई दिल्ली और दरभंगा के बीच इस विशेष ट्रेन का परिचालन अक्टूबर से नवंबर 2026 तक किया जाएगा. दोनों दिशाओं में ट्रेन के 47-47 फेरे निर्धारित किए गए हैं. त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और कन्फर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए इस ट्रेन का परिचालन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नई दिल्ली से दरभंगा के लिए चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 04098 नई दिल्ली-दरभंगा फेस्टिवल स्पेशल 10 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन सुबह 5:28 बजे बेतिया पहुंचेगी.
दरभंगा से नई दिल्ली के लिए भी स्पेशल ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 04097 दरभंगा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 11 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. यह ट्रेन दरभंगा से दोपहर 3 बजे रवाना होगी. ट्रेन रात 8:23 बजे बेतिया और 9:25 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
नई दिल्ली और दरभंगा के बीच चलने वाली यह फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी. इससे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और उत्तर बिहार के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
छठ और दीपावली में बढ़ती है यात्रियों की भीड़
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में रहने वाले बिहार के लोगों की बड़ी संख्या में घर वापसी होती है. इस दौरान नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है और कन्फर्म टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में रेलवे की ओर से चलाई जा रही यह विशेष ट्रेन यात्रियों के लिए अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी.
पश्चिम चंपारण के यात्रियों को खास फायदा
नरकटियागंज और बेतिया को इस ट्रेन के रूट में शामिल किए जाने से पश्चिम चंपारण के यात्रियों को विशेष फायदा मिलेगा. दिल्ली से आने वाले यात्रियों को सीधे बेतिया और नरकटियागंज तक ट्रेन की सुविधा मिलेगी, जबकि यहां से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प उपलब्ध रहेगा.





