PM Narendra Modi Photo: यूपी के मऊ जिले के दोहरीघाट क्षेत्र में सरयू नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर मिलने से सनसनी फैल गई। तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, लाल धागा, सिंदूर और सुई जैसी चीजें रखी मिलीं। नींबू में सुई भी चुभाई गई थी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, फर्स्ट बिहार-झारखंड वायरल वीडियो और तस्वीर की पुष्टि नहीं करता है।
पूरा मामला दोहरीघाट क्षेत्र में सरयू नदी के किनारे बने श्मशान घाट के पास का बताया जा रहा है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के आसपास जिस तरह से नारियल, नींबू, सिंदूर और अन्य सामग्री रखी गई थी, उसे लोग टोना-टोटका से जोड़कर देख रहे हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, तस्वीर के साथ इस तरह की हरकत किसने की और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी, इसकी अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी। दोहरीघाट के थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





