CRIME NEWS: उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर एक बेटी और उसके प्रेमी पर अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। दोनों ने कथित तौर पर हत्या के बाद शव को कमरे में रखे बक्से में छिपा दिया। कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में बेटी पूजा और उसके प्रेमी को पकड़ लिया गया है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय श्याम सुंदर कठेरिया के रूप में हुई है। वह इटावा के सिविल लाइंस इलाके में टीबी अस्पताल के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी में अपनी छोटी बेटी पूजा के साथ रहते थे।
बक्से में मिला शव, पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के लोग पिछले दो दिनों से बदबू से परेशान थे। रविवार को स्थानीय निवासी हसीना बेगम ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची और कमरे में रखे बक्से को खोला। उसमें श्याम सुंदर का क्षत-विक्षत शव मिला।
पुलिस ने मृतक की बड़ी बेटी काजल को सूचना दी, जिसके बाद उसने शव की पहचान की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले चार दिनों से कमरा नहीं खुला था और पूजा भी दिखाई नहीं दे रही थी।
प्रेम प्रसंग के विरोध को बताया हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आई है। एसएसपी के मुताबिक, पूछताछ में पूजा और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर बताया कि श्याम सुंदर उनके रिश्ते का विरोध करते थे और इसी वजह से उन्होंने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
एसपी सिटी बबिता सिंह के मुताबिक, पुलिस ने बंद कमरे से बक्से में रखा शव बरामद किया। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।





