Bihar Crime News: बिहार के जहानाबाद जिले में भोजपुरी गायक अभिषेक कुमार के घर पर सोमवार तड़के फायरिंग की घटना सामने आई है। शहर के कोर्ट एरिया स्थित आदर्श नगर मोहल्ले में हुई इस घटना के दौरान गायक की स्कॉर्पियो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
भोजपुरी गायक अभिषेक कुमार के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। उस समय वह अपने घर में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने के बाद चार से पांच राउंड फायरिंग की गई। गायक ने दावा किया कि उनका करीब एक सप्ताह से एक अन्य कलाकार के साथ विवाद चल रहा है और उन्हें इस घटना में उसी पर शक है।
अभिषेक कुमार ने यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति ने रात में उन्हें मैसेज किया था। गायक का दावा है कि उन्हें खुले मंच से घर पर चढ़कर चार से पांच राउंड फायरिंग करने की धमकी भी दी गई थी। हालांकि, घटना में किसकी भूमिका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
इस मामले में भोजपुरी गायक शिव कुमार विक्कू का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य या सबूत के किसी पर आरोप लगाने से पहले मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कलाकारों के बीच मंच पर एक-दूसरे को लेकर टिप्पणी या विवाद हो सकता है, लेकिन कलाकार एक-दूसरे के घर हथियार लेकर नहीं, बल्कि माइक लेकर आते-जाते हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि फायरिंग की घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे और इसका वास्तविक कारण क्या था।





